हर किसी की ज़िंदगी में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं, लेकिन आप बदलती परिस्थितियों में खुद को कैसे ढालते हैं, यह बात आपके जीवन की खुशियों के लिए निर्णायक होती है। जिस तरह खुशियां अपने साथ अच्छे और यादगार पल ले कर आती हैं, उसी तरह परेशानियां आपको यह जानने में मदद करती हैं कि आप कितने मज़बूत हैं। मुश्किल समय में समझदार लोग अपने लक्ष्य की तरफ नज़र टिकाये रखते हैं और रास्ता हल करते जाते हैं, तो वहीं कुछ ऐसे लोग भी होते हैं, जो परेशानियों से हार मान कर तुरंत बैठ जाते हैं और अपनी परेशानियों का ज़िम्मेदार दूसरों को समझने लगते हैं।
अगर आप समझदार लोगों की तरह ज़िंदगी में आगे बढ़ना चाहते हैं, तो खुद से पूछिये कुछ सवाल।
क्या आप ठीक हैं ?
खुद को इस सवाल का जवाब ईमानदारी से दें। अकेले में सोचिये कि क्या आप सच में ठीक हैं या अपने अंदर किसी परेशानी से डील कर रहे हैं। क्या आप खुद में चिड़चिड़ापन महसूस करते है या हमेशा खुद को थका हुआ महसूस करते है? अगर ऐसा सब है, तो आपको खुद पर ध्यान देना होगा।
आप सच में क्या चाहते हैं?
ज़्यादातर लोगों को पता ही नहीं होता है कि वह ज़िंदगी से आखिर चाहते क्या हैं, केवल कुछ ही लोग होते हैं, जिन्हें पता होता है कि उन्हें क्या चाहिये। इसलिए अगर आपको भी समझने में मुश्किल आती है, तो परेशान होने की ज़रूरत नहीं है। बस आप आगे बढ़ते रहिये, रास्ता अपने आप नज़र आ जायेगा।
आप जो चाहते है, क्या आप उस दिशा में काम कर रहे हैं?
अगर आपको लगता है कि आप सही दिशा में जा रहे है, तो खुद से एक और सवाल पूछे कि क्या ये कदम आपके जीवन को बेहतर बनाने में मदद करेंगे? इस तरह के सवाल आपको जीवन में अच्छा करने के लिये प्रेरित करेंगे।
क्या आप खुश हैं?
यह पहले सवाल से अलग हैं और इस बार खुश होने से मतलब है कि क्या आप अपने आप में और आसपास की चीज़ों से खुश हैं? क्या आपको संतोष, आनंद और आस-पास के रिश्तों की गर्माहट महसूस होती है? अगर हां, तो आप वाकई में खुश हैं, और अगर आप खुश महसूस नहीं करते, तो आप ज़िंदगी से क्या चाहते हैं, इस सवाल का जवाब ढूंढ़िए।
अगर आप ध्यान से देखेंगे, तो खुशियां छोटी-छोटी चीज़ों में भी दिखने लगेगी। ज़रूरी है तो बस वो नज़र, जिससे आपको अपने आसपास की अच्छी चीज़ें दिखेंगी और आप खुशमिज़ाज महसूस करेंगे।
ज़िंदगी मे हर सवाल का जवाब होता है, ज़रूरी है बस खुद से सच बोलना।
और भी पढ़े: ऑफिस का वर्कआउट बनायेगा आपको फिट
अब आप हमारे साथ फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर पर भी जुड़िये।