सफलता, कहने- सुनने में बड़ा सुकून और दिल को अच्छा लगने वाला शब्द लगता है और इसकी तलाश हर किसी को रहती है। लेकिन परेशानी यह है कि सफलता हर किसी को आसानी से नहीं मिलती। सफलता हर किसी के लिए बहुत ज़रूरी है क्योंकि यही तो जीवन का मकसद होता है।
प्रिया ने नौकरी के लिए कई इंटरव्यू दिये और लगातार तीन असफलता के बाद जब उसे सफलता मिली, तो जाहिर है उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। नौकरी मिलने के बाद उसने पूरी मेहनत और लगन से अपना काम किया और जल्द ही प्रमोशन भी मिल गया। जिसके बाद उसके काम में निखार आता ही गया और वह हमेशा अपने हुनर और क्षमता को बढ़ाती गई। आगे बढ़ने की इस प्रेरणा के लिए सफलता ज़रूरी है।
बीते कल से जुड़ा है तार
सफलता क्यों ज़रूरी है? इस सवाल का जवाब बीते कल से जुड़ा है। मानव सभ्यता की शुरुआत के समय जब इंसान समूहों में रहता था और शिकार करके जीवन गुजारता था। उस समय उनके पास दो ही विकल्प थे, पहला अपने लिए भोजन ढूंढ़े (सफलता) या फिर मर जायें (असफलता)। आज के समय में हमारा दिमाग सफलता और असफलता को भी जीवन और मरण के रूप में ही देखता है। जाहिर है हर कोई जीना चाहता है, तो इसलिए सफलता ज़रूरी है।
उम्मीद और सपने
हम सबने भविष्य के लिए कुछ सपने संजोये हैं कि कुछ सालों बाद हम खुद को किसी खास मुकाम पर देखना चाहते हैं। अपने इस लक्ष्य को पाना ही सफलता है। सफलता इस बात का एहसास दिलाती है कि आप अपनी उम्मीदों और सपनों को पूरा कर सकते हैं।
नई संभावनाओं की तलाश
सफलता इसलिए ज़रूरी है क्योंकि इसे पाने के लिए हम नये रास्तों, संभावनाओं की तलाश करते हैं और इसे पाने के बाद जीवन में और आगे बढ़ने की कोशिश करते हैं। नये लक्ष्य तय करते हैं और इस तरह निरंतर विकास के रास्ते पर चलते रहते हैं।
हार का डर
हर किसी के जीवन में सफलता अहम भूमिका निभाती है, क्योंकि इसका दूसरा विकल्प असफलता है जो यकीनन डरावना है। असफलता से न सिर्फ किसी इंसान की प्रतिष्ठा पर आंच आती है, बल्कि उसका मनोबल भी टूट जाता है, इसलिए हर इंसान सफलता पाने की कोशिश करता है।
खुशी का एहसास
जब आप किसी काम में सफल होते हैं, तो दिमाग में डोपामाइन हार्मोन का स्राव होता है। इससे आपको खुशी महसूस होती है और आप जीवन में आगे आने वाली चुनौतियों को स्वीकार करने के लिए तैयार रहते है। सबसे बड़ी बात यह है कि सफलता हमें खुशी देती है और खुशी पाना ही तो हर किसी के जीवन का लक्ष्य होता है। तो फिर आज से ही कोशिश करना शुरू कीजिये और सफलता की ओर बढ़ते जाइये।
और भी पढ़े: शरीर और मन को सेहतमंद रखता है योग
अब आप हमारे साथ फेसबुक और इंस्टाग्राम पर भी जुड़िये।