पूरी दुनिया में चंद्रयान-2 छाया हुआ है। जहां एक तरफ लैंडर ‘विक्रम’ के चंद्रमा की सतह से मात्र 2.1 किलोमीटर पहले संपर्क टूटने की बात हो रही है, तो वहीं इस मिशन की एक बड़ी उपलब्धि ऑर्बिटर की सफलता पर भारत को गर्व है। चंद्रयान-2 मिशन पर लगे वैज्ञानिकों पर भारतीयों के साथ दुनिया को उन पर नाज़ है क्योंकि उन्होंने चंद्रमा के साउथ पोल पर लैंड कराने का जो प्रयास किया है, उसे कोई भी देश अभी तक नहीं कर पाया है। देखा जाये तो यह मिशन 90%-95% सफल रहा है।
वैसे आप चंद्रयान मिशन को पैरेंटिंग के हिसाब से भी देख सकते हो और इस पैरेंटिंग प्रोसेस को अपना भी सकते हैं।
चंद्रयान-2 सिखाता है सही पैरेंटिंग
- जिस तरह आप साइंटिस्ट्स की मेहनत की सराहना कर रहे हैं, ठीक उसी तरह अपने बच्चे की मेहनत की भी तारीफ करें। उसके लर्निंग प्रोसेस पर ध्यान दें, रिज़ल्ट पर नहीं, क्योंकि कड़ी मेहनत के बावजूद हर बच्चे का रिज़ल्ट अलग हो सकता है।
- अपने बच्चे को महसूस करवायें कि आपको उस पर गर्व है। उसे प्रेरणा दें कि वह एक हार के बाद भी रुके नहीं, बल्कि और जोश के साथ आगे बढ़ें।
- ज़रूरी नहीं की तेज़ दिमाग होने से पहले ही प्रयास में सफलता मिले। इसरो के पास देश के बेस्ट ब्रेन्स हैं, लेकिन ज़रूरी नहीं कि वो पहली कोशिश में ही सफल हो जायें। वह कोशिश करते हैं, सीखते हैं, हारते हैं, फिर सीखते हैं और फिर अंत में जीत की ओर बढ़ जाते हैं। बचपन भी ऐसा ही होता है। अपने बच्चे पर दबाव न डालें।
- चंद्रयान-2 फेल नहीं हुआ, केवल एक हिस्से से संपर्क टूटा, जिसे जोड़ने के लिये प्रयास हो रहे हैं। उसी तरह न कभी आपका बच्चा फेल होता है और न ही आप एक पैरेंट के तौर पर फेल होते हैं। बस कभी-कभी आप दोनों के बीच कम्यूनिकेशन गैप आ सकता है, जिसे जोड़ने के लिए प्रयास करते रहिए। आप कोशिश करते रहेंगे, तो बच्चा भी रिस्पांड करेगा।
- अपने बच्चे को सपने देखने दें और उनके सपनों पर विश्वास करें। क्या पता आज चांद-तारों की बातें करने वाला आपका बच्चा कल उन्हें छू सके।
- जिस तरह चंद्रयान-2 असफल नहीं है, बल्कि सफलता और बेहतर फ्यूचर की तरफ एक अच्छी पहल है। उसी तरह आपकी अभिभावक के तौर पर हर असफलता एक नई सफलता के लिये अवसर होता है। इसमें आप अपनी गलतियों से सीख सकते हैं।
अपने आसपास घटने वाली चीज़ें आपको जीवन के कई पॉज़िटिव पहलू सिखाकर जाती है। बस, उन घटनाओं की सही सोच को अपने जीवन में उतारने की ज़रूरत है।
और भी पढ़िये : इमोशनली हेल्दी रहने से वर्क परफॉर्मेंस में होता है सुधार
अब आप हमारे साथ फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर पर भी जुड़िये।