नासा और इसरो ऐसी संस्थाएं है, जहां जाने का सपना हर वैज्ञानिक का होता है। किसी मामूली इंसान के लिए वहां पहुंच पाना बहुत मुश्किल है, लेकिन इस मुश्किल काम को तमिलनाडु के एक गरीब परिवार की लड़की ने सच कर दिखाया है। अपनी लगन और समर्पण के बल पर वह नासा और इसरो जाने का अपना सपना जल्द पूरा करने वाली है। कौन है यह लड़की चलिए आपको बताते हैं।
हार नहीं मानी
के जयलक्ष्मी तमिलनाडु के पुदुकोट्टई गांव के अदानाकोट्टई सरकारी स्कूल में 11वीं की छात्रा है। बेहद गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वाली जयलक्ष्मी पर घर चलाने की ज़िम्मेदारी भी है। काजू बेचकर और बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर वह अपना और परिवार का खर्च चलाती है। इतनी परेशानियों और संघर्ष के बावजूद पढ़ाई के प्रति उसकी लगन और समर्पण कम नहीं हुआ।
कैसे हुआ सपना पूरा
स्पेस में रूचि रखने वाली जयलक्ष्मी ने Go4Guru द्वारा आयोजित एक प्रतियोगिता जीती। इसके परिणास्वरूप उन्हें अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नेशनल एरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन (नासा) जाने का मौका मिला। वह मई 2020 में नासा जाएंगी। लेकिन यह सफर उनके लिए आसान नहीं था, नासा जाने के लिए जयलक्ष्मी को पहले एक बड़ी रकम जमा करानी थी, जो उसके जैसी गरीब लड़की के लिए नामुमकिन था, लेकिन उसने हार नहीं मानी। सोशल मीडिया पर अपने सपने को पूरा करने के लिए लोगों से मदद मांगी और उन्हें मदद मिली भी।
जल्द पूरा होगा सपना
अब जयलक्ष्मी का सपना बस चंद महीनों में पूरा होने वाला है, लेकिन इसके साथ ही उन्हें एक और बड़ा मौका मिला है। नासा के साथ ही वह अब इसरो का भी सफर तय करेंगी। इसरो के पूर्व वैज्ञानिक व पद्मश्री सम्मानित एम. अन्नादुरई ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा कि वह बच्ची के अंतरिक्ष के प्रति लगाव देखकर बहुत खुश हैं। वह जल्द ही स्कूल दौरा करके जयलक्ष्मी को इसरो ले जाएंगे। उसका सपना पूरा करने में उसके शिक्षकों से लेकर क्लास के साथियों और अन्य कई लोगों ने मदद की।
दूसरों की करें मदद
जयलक्ष्मी को देखकर एक बार फिर यह बात तो साबित हो गई कि लक्ष्य कितना भी कठिन क्यों न हो, कड़ी मेहनत से काम करने पर हासिल ज़रूर होता है। यदि कभी मौका मिले तो आप भी दूसरों की मदद से पीछे न हटे क्योंकि क्या पता आपकी छोटी सी मदद से किसी का बड़ा सपना पूरा जाए।
इमेज : फेसबुक
और भी पढ़िये : साल के पहले महीने में अनुभव करें इन खास इवेंट्स का
अब आप हमारे साथ फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्विटर और टेलीग्राम पर भी जुड़िये।