मकड़ी एक ऐसा कीड़ा है, जिसे देखकर अधिकांश लोग डर जाते हैं और उससे हमेशा दूर ही रहना चाहते हैं, लेकिन अहमदाबाद के ध्रुव प्रजापति को मकड़कियों से डर नहीं लगता। तभी तो अब तक वह मकड़ियों की कई नई प्रजातियां ढूंढ़ चुके हैं।
मकड़ी की नई प्रजाति
ध्रुव प्रजापति ने केरल में मकड़ियों की एक नई प्रजाति खोजी है। दरअसल, ध्रुव केरल के सेक्रेड हार्ट कॉलेज से पीएचडी कर रहे हैं और उनकी यह खोज पीएचडी थीसिस का हिस्सा है। प्रजापति गुजरात समेत भारत के विभिन्न इलाकों से मकड़ियों की 9 नई प्रजातियां खोज चुके हैं। इतना ही नहीं जियोलॉजी के स्टुडेंट रह चुके ध्रुव ने अपनी पोस्ट ग्रेजुएशन थीसिस के दौरान भी गुजरात यूनिवर्सिटी कैंपस में मकड़ियों की 78 प्रजातियां दर्ज करवाई थीं।
कारगिल शहीद के नाम पर
ध्रुव ने मकड़ी की जिस नई प्रजाति की खोज की है, उसका नामकरण कारगिल शहीद के नाम पर किया है। ध्रुव ने मकड़ी की इस प्रजाति का नाम इयिकस विक्रम्बराती रखने का सुझाव दिया है। दरअसल, ध्रुव इस तरह से 1999 के करगिल युद्ध के हीरो कैप्टन विक्रम बत्रा को सम्मानित करना चाहते हैं। कैप्टन बत्रा को मरणोपरांत सेना के सर्वोच्च सम्मान परम वीर चक्र से सम्मानित किया जा चुका है।
खास है नई प्रजाति की बनावट
नई प्रजाति की मकड़ी की बनावट काफी अलग है। उसकी आंखों की बनावट अनोखी है, सिर पर अलग पैटर्न बने हैं। इसकी शरीर की बनावट और टांगे भी काफी अलग है। प्रजापति के मुताबिक, दुनियाभर में इयिकस मकड़ी की जाति की 35 प्रजातियां है। इनमें से दक्षिण और दक्षिण-पूर्व एशिया में सात प्रजातियां रिकॉर्ड की जा चुकी हैं। इसमें एक अफगानिस्तान, तीन चीन, एक इंडोनेशिया और दो भारत में है। नई प्रजाति की खोज से इस दिशा में अध्ययन करने वालों को मदद मिलेगी।
मकड़ियों से प्रभावित
ध्रुव का कहना है कि ज़्यादातर लोग मकड़ियों से डरते हैं, लेकिन वह शुरू से ही इनसे बहुत प्रभावित रहे हैं और अपने आसपास मौजूद मकड़ियों को बहुत गौर से देखते हैं। ध्रुव का कहना है कि करगिल युद्ध के समय वह बहुत छोटे थे, इसलिए उसके किसी नायक की याद को वह अमर करना चाहते थे। यही वजह है कि वह मकड़ी की नई प्रजाति का नाम कैप्टन बत्रा के नाम पर रखना चाहते हैं। वैसे ध्रुव इससे पहले पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम और गुजरात की राजधानी गांधीनगर के नाम पर भी मकड़ियों का नामकरण कर चुके हैं।
और भी पढ़े: लक्ष्य पाने के ये हैं बेहतरीन तरीके
इमेज: टाइम्स ऑफ इंडिया