अक्सर जब हम व्यवस्थित शब्द का इस्तेमाल करते हैं, तो इसे घर की साफ-सफाई से जोड़कर देखते हैं, लेकिन व्यवस्थित घर के अलावा आपके काम की जगह और मन का व्यवस्थित होना भी जरूरी है। यानी बेकार की चीजों को हटाकर जगह और मन दोनों को साफ कर लीजिए। कैसे कर सकते हैं आप यह काम? आइए, जानते हैं।
काम की जगह और मन को कैसे रखें व्यवस्थित?
सिर्फ ज़रूरत की चीजों पर फोकस करें
टेबल पर अमूमन ढेर सारी चीज़ें बिखरी होती है, जिनमें से कुछ का इस्तेमाल तो आप कभी करते ही नहीं है। ऐसी चीज़ों को हटाकर अपनी मेज़ को साफ रखिए, क्योंकि जब आपके काम की जगह साफ रहेगी तो मन भी शांत होगा और किसी काम पर ध्यान केंद्रित करने में मदद मिलेगी। साथ ही ढेर सारी चीज़ों को देखकर आपके मन में ढेर सारे विचार नहीं आएंगे जैसे पुरानी फोटो फ्रेम, पेन स्टैंड आदि को देखकर कई बार आप उसे देने वाले या खरीदते समय हुई किसी घटना के बारे में बेकार ही सोचने लगते हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि उसका वर्तमान से कोई लेना देना नहीं होता और इस तरह से मन में विचारों का ढेर लग जाता है, लेकिन जब आप ऐसी चीज़ें टेबल से हटा देंगे तो जगह और मन दोनों व्यवस्थित हो जाएंगे।
साफ रखना भी है ज़रूरी
बेकार सामान को हटाने के बाद अपने काम की जगह को साफ रखना भी ज़रूरी है, क्योंकि कीबोर्ड और कंप्यूटर स्क्रिन पर जमी धूल-मिट्टी देखकर मन में अच्छे विचार नहीं आएंगे और जब तक मन में अच्छे विचार नहीं आएंगे तो आप ध्यान लगाकर काम नहीं कर पाएंगे।
चीज़ों को जगह पर रखें
काम की धुन में कई बार आप एक जगह से सामान निकालकर दूसरे में और कभी-कभी डेस्क पर ही फैला देते हैं। ऐसी अव्यस्थित जगह को देखकर आपको कैसा महसूस होता है? जाहिर है अच्छा महसूस नहीं होता है और आप फिर सोचने लग जाते हैं कि पहले क्या करूं और मन इसी उधेड़बुन में फंस जाता है कि सफाई की शुरुआत कहां से करें। लेकिन आप यदि इस्तेमाल के बाद हमेशी चीज़ों को जगह पर रखेंगे तो जगह और मन दोनों ही व्यवस्थित रहेंगे और काम के समय आपको चीज़ें आसानी से मिल भी जाएंगी।
संबंधित लेख ऑफिस का माहौल खुशनुमा बना देगी आपकी छोटी सी कोशिश

लिखने की आदत डालें
हर दिन ऑफिस और घर के ढेर सारे काम होते हैं जिसे आप मन ही मन हमेशा याद रखने की कोशिश करते हैं, लेकिन क्या आपको पता है कि इससे मन में विचारों का जाल बुनता जाता है और वह अव्यवस्थित हो जाता है। इसलिए हर चीज़ को मन में रखने की बजाय किसी पेपर पर लिख लें या आजकल को कई ऐप भी मौजूद है जिसमें आप रोज़ाना के काम की लिस्ट बना सकते हैं। इससे काम भी हो जाएगा और मन का बोझ भी हल्का।
मल्टीटास्किंग से बचें
जब आप एक साथ कई काम करने लगते हैं तो काम की जगह के साथ ही मन में भी उथल-पुथल मच जाती है और आप शांत दिमाग से किसी काम को अपना सौ प्रतिशत नहीं दे पाते। एक साथ दो प्रोजेक्ट खत्म करने के चक्कर में आप अपनी टेबल से लेकर अलमारी तक सारी चीज़ों को अस्त-व्यस्त कर देते हैं और बाद में इस अव्यवस्था को देखकर तनावग्रस्त हो जाते हैं और मन भी अशांत हो जाता है। इसलिए बेहतर होगा कि एक बार में एक काम को ही अच्छी तरह करें इसे जगह और मन दोनों अस्त-व्यस्त होने से बच जाएंगे। साफ-सुथरी और व्यवस्थित जगह देखकर मन में पॉजिटिव विचार आते हैं और तनाव भी कम होता है।
और भी पढ़िये : मिलिये 105 साल की दादी से, जिसे हैं ऑर्गेनिक खेती की पूरी जानकारी
अब आप हमारे साथ फेसबुक, इंस्टाग्राम और टेलीग्राम पर भी जुड़िये।
 
    
 
															 
					 
					 
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
									 
									 
									 
									 
													 
 
								