कुछ लोग हमेशा मुस्कुराते रहते हैं, चाहे कितनी भी गंभीर बीमारी क्यों न हो। दरअसल उनकी सोच पॉज़िटिव होती है। उनकी आशावादी सोच ही उन्हें बीमारी से जल्दी उबरने में मदद करती है। इतना ही नहीं रिसर्च से भी यह साबित हो गया है कि आशावादी लोग अन्य लोगों के मुकाबले ज़्यादा सेहतमंद रहते हैं।
आशावादी लोगों का इम्यून सिस्टम और कार्डियोवस्कुलर हेल्थ अच्छा होता है और उनकी उम्र भी लंबी होती है। ऐसे लोग किसी भी तरह की सर्जरी के दर्द और घाव से भी जल्दी उबर जाते हैं।
आशावादी लोग सेहत का ख्याल रखना जानते हैं
अपनी सेहत का ख्याल रखने के लिए सेहत से जुड़ी जानकारी होना ज़रूरी है और आशावादी लोगों को पता होता है कि सेहतमंद रहने के लिए क्या करना ज़रूरी, तभी वह अपनी हेल्थ को मेंटेन रख पाते हैं। 2002 में हुए एक अध्ययन के मुताबिक, ऐसे लोगों को पता होता है कि हार्ट अटैक क्यों आता है और उससे बचने के लिए क्या करना ज़रूरी है। तभी वो हार्ट अटैक के लिए ज़िम्मेदार चीज़ों जैसे- शराब, सिगरेट, तनाव आदि से दूर रहते हैं।
हेल्दी एक्टिविटी में व्यस्त रहते हैं
ऐसे लोगों को सेहत से जुड़ी ज़्यादा जानकारियां होती है, इसलिए वह खुद को स्वस्थ रखने वाली गतिविधियां करते रहते हैं। जैसे ज़्यादा वर्कआउट करना, हेल्दी डाइट और नींद पूरी करना। अच्छी सेहत के लिए तीनों ही चीज़ें बहुत ज़रूरी है और यह बात आशावादी लोगों को पता होती है तभी वह इन पर ध्यान देकर खुद को फिट और हेल्दी रखते हैं।

बीमारी से प्रभावशाली तरीके से निपटते हैं
हालांकि आशावादी लोग अपनी सेहत को लेकर बहुत सचेत रहते हैं, बावजूद इसके बीमारियों का शिकार होने पर उससे भी असरदार तरीके से निपटते हैं। जब भी उन्हें अपनी गंभीर बीमारी के बारे में पता चलता है, तो डरने या घबराने की बजाय यह सोचते हैं कि इससे निपटा कैसे जाये। ऐसे लोग इमोशनल होने की बजाय समस्या को सुलझाने के तरीको पर ज़्यादा फोकस करते हैं। वह बीमारी की ज़्यादा से ज़्यादा जानकारी जुटाते हैं और किसी अच्छे डॉक्टर के पास इलाज के लिए जाते हैं।
सामाजिक संबंध अच्छे होते हैं
अध्ययन से भी यह बात साबित होती है कि लोग निराशावादी की बजाय आशावादी लोगों को ज़्यादा पसंद करते हैं। इसलिए उनके दोस्तों और रिश्तेदारों से गहरे संबंध होते हैं, तभी तो किसी मुश्किल में होने पर उनके दोस्त व रिश्तेदार मदद के लिए तुरंत आ खड़े होते हैं। आस-पड़ोस के लोगों से भी अच्छा व्यवहार होने के कारण बीमार होने पर वे लोग भी मदद के लिए आ जाते हैं। पॉज़िटिव सोच रखने वाले और पॉज़िटिव बातें करने वाले लोगों को ही हर कोई पसंद करता है।
और भी पढ़े: एक्सीडेंट होने पर करें पीड़ित की मदद
अब आप हमारे साथ फेसबुक और इंस्टाग्राम पर भी जुड़िये।
 
    
 
															 
					 
					 
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
									 
									 
									 
									 
													 
 
								