सर्दियों के मौसम में मूंगफली की चिक्की हो, भुनी हुई मूंगफली या पोहा में डाली कुरकुरी मूंगफली ये बहुत ही स्वादिष्ट लगती है और अच्छी बात यह है कि स्वाद के साथ ही यह सेहत से भी भरपूर होती है। सर्दियों के मौसम में मूंगफली खाने से शरीर को गर्मी और ऊर्जा मिलती है, इसलिए तो सर्दियों में ही मूंगफली के लड्डू, मूंगफली-गुड़ की चिक्की आदि बनाई जाती है। सूखे मेवे से यह सस्ता ज़रूर मिलती है, लेकिन पौष्टिकता के मामले में यह किसी से कम नहीं है।
स्वाद और सेहत का खजाना मूंगफली आपके लिए कितना फायदेमंद है, आइए जानते हैं।
मूंगफली के फायदे
- मूंगफली में प्रोटीन की भरपूर मात्रा होती है। यानी कोई व्यक्ति यदि दूध नहीं पीता है, लेकिन मूंगफली खा रहा है, उसे प्रोटीन की कमी नहीं होगी।
- इसमें में हेल्दी फैट, माइक्रो और मैक्रो न्यूट्रिएंट्स होते हैं जो आपको कई तरह की बीमारियों से बचाने में मददगार है।
- मूंगफली में भले ही फैट और कैलोरी की मात्रा अधिक होती है, लेकिन इसे खाने से वज़न नहीं बढ़ता। दरअसल, इसे खाने के बाद देर तक पेट भरा रहता है जिससे आप ज़्यादा कुछ खाने से बच जाते हैं और वज़न नियंत्रित रहता है।
- इसमें फॉलिक एसिड भी होता है, तो प्रेग्नेंट महिलाओं के लिए बहुत फायदेमंद है। इसलिए प्रेग्नेंसी के दौरान मूंगफली का सेवन करना चाहिए। इससे बच्चा स्वस्थ रहता है और उसे अस्थमा का खतरा भी कम होता है।
- मूंगफली में कई तरह के मिनरल्स भी होते हैं। कई रिसर्च के मुताबिक, संतुलित मात्रा में इसके सेवन से डायबिटीज़ का खतरा 21 फीसदी तक कम हो जाता है। यदि आपको डायबिटीज़ है, तो डॉक्टर की सलाह लेकर मूंगफली का सेवन शुरू कर दीजिए।
मूंगफली के है और भी फायदे
- मूंगफली में मौजूद मिनरल्स स्ट्रोक और दिल संबंधी बीमारियों के खतरे को कम करने में भी मददगार है।
- इसमें ट्रिप्टोफेन नामक तत्व होता है, जो डिप्रेशन दूर करने में सहायक है।
- विशेषज्ञों के मुताबिक, मूंगफली में मौजूद कई तत्व पेट की समस्याओं को दूर करने में मदद करते हैं। इसके नियमित सेवन से पाचन तंत्र मज़बूत होता है और कब्ज़ की समस्या दूर होती है।
- सर्द मौसम में अक्सर सर्दी-खांसी हो जाती है, ऐसे में मूंगफली का सेवन फायदेमंद होता है, क्योंकि इसकी तासीर गर्म होती है और यह फेफड़ों को भी मज़बूत बनाता है।
- मूंगफली में ओमेगा 3 फैटी एसिड होता है, तो स्कैल्प को मज़बूत बनाने के साथ ही बालों को बढ़ने में मदद करता है।
अब यकीनन आप भी मूंगफली को अपनी डेली डाइट में शामिल करेंगे। चटनी, लड्डू या नमकीन मूंगफली किसी भी रूप में खाना सेहत के लिए अच्छा होता है।
और भी पढ़िये : अपने रसोईघर को बनाए जीरो वेस्ट सामान से
अब आप हमारे साथ फेसबुक, इंस्टाग्राम और टेलीग्राम पर भी जुड़िये।