इंसान एक सामाजिक प्राणी है और इस नज़र से देखें तो अच्छे संबंधों का होना इंसान की मूलभूत ज़रूरतों में से एक माना जाता है। इंसान ने अपने संबंधों को बचाये रखने के लिए तमाम चुनौतियों को सहा है और उनसे निपटा भी है, फिर चाहे वह चुनौतियां निजी ज़िन्दगी की हो या सामाजिक ढांचे की।
खैर बदलते दौर में रिलेशनशिप के मायने भी बदले हैं। अब स्वतंत्रता, निजता जैसे मूल्य किसी भी रिलेशनशिप की बुनियादी ज़रूरत बन चुके हैं। फिर भी ऐसे बहुत सारे लोग हैं जो रिलेशनशिप तो चाहते हैं लेकिन वास्तव में रिलेशनशिप क्या है और कैसी होनी चाहिए, बिल्कुल नहीं जानते।
अच्छी रिलेशनशिप से जुड़ी हुई कुछ बातें–
आप जो हैं वही दिखाएं
रिलेशनशिप में स्वयं की मौलिकता का होना बहुत ज़रूरी होता है, इसलिए वास्तव में आप जैसे हैं, वैसे ही रहें और वही दिखाएं जो आप हैं। रिसर्चर मानते हैं कि, अगर आप रिलेशनशिप में ईमानदारी के साथ आते हैं तो आपकी रिलेशनशिप अधिक बेहतर होगी और आपके खुश रहने की संभावना अधिक होगी।
बनें बेस्ट फ्रेंड
ऐसा देखा गया है कि अगर आप और आपके पार्टनर अच्छे दोस्त हैं तो इसका पॉज़िटिव असर आपकी रिलेशनशिप पर भी पड़ता है। हमारे सामने कई ऐसे उदाहरण हैं, जो दर्शाते हैं कि अगर आप रिलेशनशिप से पहले दोस्त थे या अभी भी हैं तो यह संबंधों के लिए ज़्यादा बेहतर होगा।
टीम जैसा महसूस करें और कराएं
शब्दों से बहुत कुछ बदला जा सकता है। जैसे- जब भी पार्टनर से बात करें तो “मैं” की बजाय हम, हम दोनों, हमारे लिए जैसे शब्दों का इस्तेमाल करें। इससे आप में जुड़ाव बढ़ेगा और रिश्ता मुकम्मल होगा।
स्वभाव की एक जैसी बातों पर दें ध्यान
अगर आप में और पार्टनर में बहुत सारी बातें एक जैसी हैं तो ये बहुत अच्छी बात है, क्योंकि इससे टकराव कम होगा और आपकी रिलेशनशिप बेहतर होती जाएगी।
महसूस कराएं क्लोजनेस
किसी को अपने करीब लाना आसान नहीं होता। लेकिन अगर आप सच में अपने रिश्ते को सुनिश्चित कर चुके हैं तो पॉजिटिविटी के लिए आपको यह करना ही होगा। इसके लिए आप प्रत्यक्ष बातचीत का माध्यम अपनाएं, मुद्दों पर संतुलित दृष्टिकोण के साथ चर्चा करें।
अपनी क्षमताओं को बांटे
अगर आपका पार्टनर किसी काम में एक्सपर्ट है तो आपको उससे मदद मांगनी चाहिए। क्योंकि इससे बातचीत का न केवल अच्छा मौका मिलेगा बल्कि एक-दूसरे को अंदरूनी तरीके से जान भी पाएंगे।
व्यक्तित्व को तराशें
एक ऐसा व्यक्ति जो आप में उत्कृष्टता लाता हो, निश्चित आपके लिए सही पार्टनर हो सकता है। रिलेशनशिप एक्सपर्ट मानते हैं अगर आप अपने पार्टनर पर उसकी बेहतरी के लिए कुछ भी खर्च कर रहे हैं तो अंततः इससे आपकी रिलेशनशिप और आपके व्यक्तित्व को ही फायदा होगा।
दुष्यंत कुमार लिखते हैं- “हर आदमी में हैं 10–20 आदमी, जिसे देखना बार–बार देखना”
हो सकता है आपको यह लाइन कोरी कविता लगे लेकिन ये शब्द इंसान की प्रकृति का सार हैं और चेतावनी भी। रिलेशनशिप, शादी आदि चीज़ें इंसान के जीवन की बेहतरी के लिए हैं, इसलिए कुछ भी चुनने से पहले समय ज़रूर बिताएं। यही पॉज़िटिव जीवन का सार भी है और सूत्र भी।
और भी पढ़िये : कॉलेज छात्रों के लिए मेडिटेशन के फायदे
अब आप हमारे साथ फेसबुक, इंस्टाग्राम और टेलीग्राम पर भी जुड़िये।