आज हम आपको बिहार की थाली की शान लिट्टी चोखा के बारे में बताने जा रहे हैं, जो यहां के साथ-साथ झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोगों द्वारा भी पसंद किया जाता है। लिट्टी आटे की बनी लोई होती है, जिसके अंदर सत्तू और मसाले भरे जाते हैं। सत्तू भुने हुए चने को पीस कर बनाया जाता है, जो प्रोटीन का स्त्रोत है। लिट्टी के अंदर इसे भरने से न केवल लिट्टी का स्वाद बेहतर होता है बल्कि उसकी पौष्टिकता कई गुना ज़्यादा बढ़ जाती है।
लिट्टी चोखा
पारंपरिक रूप से लिट्टी को कोयले या गोबर के उपलों के ऊपर भूना जाता था, जिससे इसमें एक अलग तरह का सौंधा-सौंधा स्वाद आता था। लेकिन, अब आप लिट्टी को ओवन में बेक कर सकते हैं या तवे पर भून सकते हैं। लिट्टी बनते ही इसे घी में डुबो दिया जाता है और तुरंत गरम-गरम खाया जाता है। लिट्टी बनाने कि लिए उपयोग की गई सामग्री के कारण इसे खाने के बाद, आपके अंदर पूरे दिन काम करने की ताकत रहती है। इसे बनाने के बाद तीन दिनों तक रख कर खाया जा सकता है, इसलिए इसे यात्रा के दौरान और सैनिकों द्वारा खाया जाता है।
लिट्टी को चोखे के साथ खाया जाता है, जो भुने हुए बैंगन, आलु और टमाटरों को भून कर और फिर मैश करके ऊपर से मसाले डालकर बनाया जाता है। लिट्टी चोखा एक ऐसी डिश है जिसे आप सड़क के किनारे खड़े ठेले से लेकर बड़े-बड़े रेस्त्रां में भी खा सकते हैं।
चलिए आपको लिट्टी चोखा बनाने की विधि बताते हैं:
लिट्टी
सामग्री
- 2 कप आटा
- 1 बड़ा चम्मच घी
- नमक
लिट्टी में भरने का मसाला
- 1 कप सत्तू
- ½ छोटा चम्मच जीरा, दरदरा पिसा हुआ
- ½ छोटा चम्मच सौंफ, दरदरा पिसा हुआ
- ½ छोटा चम्मच कलौंजी के बीज
- ¼ छोटा चम्मच अजवाइन के बीज
- ½ इंच अदरक, बारीक कटा हुआ
- 3-4 हरी मिर्च, बारीक कटी हुई
- 2 बड़े चम्मच कटा हरा धनिया
- 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च का अचार
- 2 चम्मच नींबू का रस
- 2 चम्मच सरसों का तेल
- नमक स्वादानुसार
विधि:
- आटा गूंदने का तरीका – एक बर्तन में आटा, नमक, घी को मिलाएं और धीरे-धीरे पानी डालते हुए गूंदे। मुलायम आटा गूंदे और किसी कपड़े से ढक कर रख दें।
- अंदर भरने का मसाला ऐसे बनाएं – एक कटोरे में सत्तू के आटे को जीरा, सौंफ, कलौंजी और अजवाइन के साथ मिलाएं। इस मिश्रण में अदरक, मिर्च, हरा धनिया और अचार डालें और अच्छी तरह से मिलाएं।
- इसके बाद इसमें नींबू का रस, सरसों का तेल और स्वादानुसार नमक डालें। अच्छी तरह मिला लें और अगर ज़रूरत हो तो थोड़ा पानी छिड़क लें।
- अब आटे की लोइयां बना लें (न छोटी न बड़ी) और उन्हें 5 इंच गोलाई में बेल लें। मसाले के 2 बड़े चम्मच इसके बीच में रखें और फिर किनारों को मिला लें। अब इस भरे हुए (स्टफ्ड) आटे की लोई को हथेलियों के बीच धीरे से दबाकर कर गोल आकार दें।
- ओवन को 200°C पर 20 मिनट के लिए प्रीहीट यानि पहले से गरम करें। लिट्टी को ओवन में रखें और 15 मिनट के लिए 200 डिग्री सेल्सियस पर तब तक बेक करें जब तक कि ऊपरी परत पक न जाए।
- पकी हुई लिट्टी पर घी लगाएं और चोखा के साथ गर्मागर्म खिलाएं।
संबंधित लेख : आपको और आपके परिवार को सेहतमंद रखे 5 रेसिपी
चोखा
सामग्री
- 1 बड़ा बैगन
- 2 टमाटर
- 2 हरी मिर्च, बारीक कटी हुई
- ½ कप कटा हरा धनिया
- 1 छोटा चम्मच सरसों का तेल
- ½ छोटा चम्मच नींबू का रस
- नमक
विधि
बैगन में चार लंबे चीरे लगाएं और किसी जाली के ऊपर रख कर गैस पर तब तक भूनें, जब तक यह मुलायम न हो जाए। इसे हर दो मिनट के बाद पलटते रहें, जिससे यह हर जगह से सिक जाए। ठीक इसी तरह टमाटर को भी भून लें। बैगन और टमाटर के ऊपर की जली हुई परत को हटा दें और दोनो को मिला लें। इस मिश्रण के ऊपर हरी मिर्च, धनिया पत्ती, सरसों का तेल और स्वादानुसार नमक डालें। इसे अच्छी तरह मिला लें और ऊपर से नींबू का रस मिला कर गरमा गरम लिट्टी के साथ परोसें।
डॉ. दीपाली कंपानी सेहत और खाने से जुड़े लेखन की विशेषज्ञ है।
और भी पढ़िये : जानिये क्या है बौद्ध मेडिटेशन और तकनीक ?
अब आप हमारे साथ फेसबुक, इंस्टाग्राम और टेलीग्राम पर भी जुड़िये।