अपने आस-पास के माहौल पर किसी का बस नहीं चलता लेकिन किसी भी हालात या परिस्थिति पर प्रतिक्रिया कैसे देनी है, यह आपके अपने हाथों में होती है। ज़्यादातर लोग जानते हैं कि अपने मन को संतुलन में रखने के लिए मेडिटेशन बेहद ज़रुरी है। वैसे जो लोग ध्यान लगाते हैं, वह जानते हैं कि मेडिटेशन करते समय अपने मन को एक जगह केंद्रित करके रखना कितना मुश्किल काम है। हालांकि, आप नियमित कोशिश से यह सीख सकते हैं लेकिन अगर फिर भी आप एक जगह बैठ कर ध्यान नहीं लगा पाते हैं, तो परेशान न हो। ध्यान लगाने के लिए और भी कई विकल्प मौजूद हैं।
ध्यान लगाने के विकल्प
सैर करते हुए मेडिटेशन
जैसा नाम से ही समझ आता है कि यह मेडिटेशन आप घूमते समय भी कर सकते है। समय निकाल कर आप किसी बाग या बगीचे में नंगे पैर घूमें और हर कदम के साथ सांस लें और छोड़ें। कदम धीरे-धीरे बढ़ाएं और अपनी सांस पर ध्यान दें। अगर मन कहीं और भटके तो इसे एक बार फिर वापस अपने कदमों और सांसों से जोड़ें। इससे आप अपने आप को जोड़ पाएंगे और रोज़ाना कोशिश से यह बेहतर होता जाएगा।
योगासन
संस्कृत में योग का मतलब होता है ‘जोड़ना’, जिसमें मन और शरीर को आपस में जोड़ा जाता है। योग सूत्र के अनुसार, ‘योग मन को शांति या मौन में बसना सिखाता है। जब मन शांत हो जाता है तब आप अपनी चेतना से मिलते हैं।’ योग में आसन भी होते हैं जिसे आप योगासन के नाम से जानते हैं। योगासन आपको शारीरिक फिटनेस देने के साथ साथ ब्रीदिंग और मेडिटेशन यानि श्वासक्रिया और ध्यान भी सिखाता है।

बागवानी
जब आप पेड़-पौधों के बीच रहते हैं, तो प्रकृति से जुड़ते हैं क्योंकि आपके हाथों में मिट्टी होती है, शरीर पर धूप और हवा लगती है और आपकी सांसों में आस-पास की खुशबू होती है। ये सब आपकी इंद्रियों और आपके मन को प्रकृति और उस शक्ति से जोड़ते हैं, जिसने सबको जन्म दिया। एक डच शोध के अनुसार रोज़ तीस मिनट बागवानी करने से आपकी सेहत बेहतर होती है, तनाव कम होता है और आपको रात में अच्छी नींद आती है।
मंडल
मंडल बना कर या उनमें रंग भर कर भी आप ध्यान लगा सकते हैं। मंडल गोलाकार में बने हुए आध्यात्मिक प्रतीक होते हैं जो इस ब्रह्माण्ड को दर्शाते हैं। मंडल बनाकर या उन्हें रंग कर आप खुद को इस शरीर से परे पूरे ब्रह्माण्ड से जोड़ सकते हैं। मंडल इस संसार की अनिश्चितता को बताता है और अपने आज में संतुष्ट रहना सिखाता है।
ताई ची
यह मन को शांत करने, तनाव कम करने, ब्लड प्रैशर संतुलित रखने और ह्रदय को स्वस्थ रखने का चीनी तरीका है। मेडिटेशन के इस माध्यम में लोग स्लोमोशन में स्टैप्स करते हैं, जो कोई डांस फॉर्म नहीं है बल्कि इसे लो-इम्पैक्ट मार्शल आर्ट्स यानि मार्शल आर्ट का कम प्रभाव वाला रूप होता है। इसमें एक व्यक्ति की आंतरिक जीवन शक्ति को, ध्यान और मूवमेंट से, संतुलित करना शामिल होता है, जिसे ‘क्यूई’ कहते हैं।
अगर आप एक जगह बैठ कर ध्यान नहीं लगा पाते हैं, तो अब आपके पास कई और विकल्प मौजूद हैं।
और भी पढ़िये : समय का महत्व सिखाया है डॉ. बी आर अम्बेडकर ने
अब आप हमारे साथ फेसबुक, इंस्टाग्राम और टेलीग्राम पर भी जुड़िये।
 
    
 
															 
					 
					 
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
                     
									 
									 
									 
									 
													 
 
								